राष्ट्रीय युवा दिवस पर जबलपुर में सामूहिक सूर्य नमस्कार, हजारों विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास !

Spread the love

जबलपुर।
स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को जबलपुर में सामूहिक सूर्य नमस्कार का भव्य आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम सुबह 9 बजे शहर के पंडित लज्जाशंकर झा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल) के मैदान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के जगदीश देवड़ा (उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में हजारों स्कूली छात्र-छात्राओं ने एक साथ सूर्य नमस्कार और प्राणायाम कर योग के प्रति अपनी आस्था और अनुशासन का परिचय दिया। आयोजन का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।


आकाशवाणी से हुआ राष्ट्रगीत और संदेश का प्रसारण

इसके पश्चात आकाशवाणी के माध्यम से राष्ट्रगीत वंदेमातरम्, स्वामी विवेकानंद के विचार तथा डॉ. मोहन यादव का संदेश प्रसारित किया गया। इसके बाद निर्धारित क्रम में सूर्य नमस्कार और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
पूरा मैदान अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण से ओतप्रोत नजर आया।


योग से तन-मन दोनों रहते हैं स्वस्थ: देवड़ा

मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि योग से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा का परमात्मा से मिलन है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने योग और भारतीय दर्शन को विश्व पटल पर पहचान दिलाई और जन-जन तक इसे पहुंचाया।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। नियमित योग अभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है।


प्राथमिक शिक्षा में योग को शामिल करने की घोषणा

उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में योग को प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि बचपन से ही बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और संस्कार विकसित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *