श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी के अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई। प्रशासन का कहना है कि आरोपी का मकान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था, जिसे नियमानुसार हटाया गया है।
यह पूरा मामला श्योपुर जिले की कराहल तहसील का है, जहां 27 दिसंबर को एक व्यक्ति की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान रमाकांत पाठक के रूप में हुई थी। शुरुआती जांच में यह मामला साधारण नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का निकला, जिसने बाद में एक चौंकाने वाली प्रेम कहानी का रूप ले लिया।
पत्नी ने रची थी हत्या की साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस हत्याकांड की साजिश किसी और ने नहीं बल्कि मृतक की पत्नी साधना पाठक ने रची थी। साधना पाठक कराहल क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में पदस्थ है। उसका प्रेम प्रसंग मनीष जाटव नामक युवक से चल रहा था। पति रमाकांत पाठक इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिससे छुटकारा पाने के लिए साधना ने खौफनाक साजिश रची।

जांच में सामने आया कि साधना पाठक ने अपने प्रेमी मनीष जाटव को पति की हत्या की सुपारी दी। तय योजना के तहत मनीष जाटव ने रमाकांत पाठक की हत्या कर दी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
प्रशासन का चला बुलडोजर
हत्याकांड के आरोपी मनीष जाटव के खिलाफ अब प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर तहसीलदार रोशनी शेख के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से आरोपी के मकान को ध्वस्त कर दिया। बताया गया कि यह मकान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
संदेश साफ
इस कार्रवाई को लेकर जिले में यह संदेश गया है कि अपराध करने वालों के खिलाफ न केवल कानूनी बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में मामला विचाराधीन है।