सागर जिले के बीना विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया सहित क्षेत्र के व्यापारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ चाय पर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श करना रहा।
संगठन की मजबूती पर जोर
चर्चा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन के सिद्धांतों और विचारधारा को आत्मसात करते हुए हर वर्ग, हर व्यक्ति तक पहुंच बनाएं। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के माध्यम से ही पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं का सही संदेश जनता तक पहुंचाया जा सकता है।
योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे: मंत्री राजपूत
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए लोगों से सीधे संवाद करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। मंत्री राजपूत ने संगठनात्मक एकजुटता पर भी बल दिया।

संवाद और सहभागिता का संदेश
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता जनता से जुड़ा रहे और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए प्रयास करे। पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने भी संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। चाय पर चर्चा का यह कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें संगठन को मजबूत करने और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।