सागर: मध्यप्रदेश सर्व विप्र महासंगठन का वार्षिक मिलन समारोह संपन्न, विद्यार्थियों के लिए निशुल्क कोचिंग !

Spread the love

मध्यप्रदेश सर्व विप्र महासंगठन का वार्षिक मिलन समारोह एवं सहभोज कार्यक्रम मकरोनिया स्थित भगवान श्री परशुराम मंदिर प्रांगण में विप्र समाज के बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के बीच हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर संगठन की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें समाजहित से जुड़े कई अहम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।

विद्यार्थियों के लिए निशुल्क शिक्षा की पहल

बैठक में निर्णय लिया गया कि विप्र समाज के विद्यार्थियों को वेद पाठ एवं ज्योतिष की निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से पीएससी एवं यूपीएससी की निशुल्क कोचिंग भी प्रारंभ की जाएगी। संगठन का मानना है कि इस पहल से समाज के होनहार विद्यार्थियों को मार्गदर्शन मिलेगा और वे प्रशासनिक सेवाओं में अपनी सहभागिता बढ़ा सकेंगे।

एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत: डॉ. मिश्रा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुखदेव मिश्रा ने कहा कि समाज की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि सर्व विप्र महासंगठन निरंतर समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है और आगे भी शिक्षा, संस्कार और सेवा के क्षेत्र में नई पहल की जाएंगी। डॉ. मिश्रा ने श्री परशुराम भवन निर्माण में तन, मन और धन से सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं का आभार भी व्यक्त किया।

विधायक प्रदीप लारिया का सम्मान

श्री परशुराम भवन निर्माण एवं स्थल उपलब्ध कराने में सहयोग के लिए क्षेत्रीय विधायक प्रदीप लारिया को समाजजनों की ओर से शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक लारिया ने बताया कि हाल ही में उन्होंने भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया है और संबंधित अधिकारियों को बाउंड्री वॉल, छत पर प्रोटेक्शन वॉल, किचन सहित शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि समाजजन जल्द से जल्द भवन का उपयोग कर सकें।

समाजहित के कार्य सराहनीय: संतोष पांडे

संगठन के संरक्षक संतोष पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि सर्व विप्र महासंगठन द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने संगठन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए सभी विप्रजनों से एकजुट होकर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित

इस अवसर पर मेजर एस.सी. शर्मा, पं. कैलाश देवलिया, एस.एम. मिश्रा, अनिल भट्ट, ओमहरि पांडे, विजय गौतम, पवन शर्मा, केदार शर्मा, गोविंद दुबे, देवीशंकर तिवारी, प्रवीण रिछारिया, संजय मिश्रा, अनिल पांडे सहित बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सहभोज और आपसी संवाद के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *