छतरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 800 ग्राम गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार !

Spread the love

छतरपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। छतरपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सरवई थाना पुलिस ने सोमवार–मंगलवार की दरमियानी रात रानीखेड़ा–खुड़ेही रोड पर कार्रवाई करते हुए 800 ग्राम गांजा, एक अपाचे मोटरसाइकिल और 6 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।

सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी

सरवई थाना पुलिस को रात्रि गश्त के दौरान रानीखेड़ा–खुड़ेही रोड पर गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खुड़ेही रोड स्थित नहर की पुलिया के पास घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक से जा रहे संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से अवैध रूप से गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में गांजा विक्रेता तक पहुंची पुलिस

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने गांजा विक्रेता के बारे में भी अहम जानकारी दी, जिसके बाद एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में:

  • रविराज उर्फ रवि खंगार (निवासी सरवई, पिता रामनरेश खंगार)
  • बबलू पटेल (निवासी ग्राम ओदी, पिता राजेश पटेल)
  • प्रेम नारायण पटेल (निवासी अम्हापुरवा, थाना सरवई, पिता जग प्रसाद पटेल)

शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।

नशा मुक्ति अभियान के तहत लगातार सख्ती

यह कार्रवाई छतरपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान का हिस्सा है। अभियान के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों के संग्रह, विक्रय और परिवहन में शामिल लोगों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

पुलिस आंकड़ों के अनुसार, बीते कुछ महीनों में जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 77 और आबकारी अधिनियम के तहत 2200 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 52 क्विंटल से अधिक अफीम के पौधे, 1100 किलोग्राम से ज्यादा गांजा व स्मैक, 500 से अधिक नशीली सिरप की बोतलें, 1200 से अधिक नशीली गोलियां, 200 से अधिक इंजेक्शन और 20 हजार लीटर से ज्यादा अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई थाना ओरछा रोड, सटई, कोतवाली, नौगांव और सिविल लाइन पुलिस द्वारा की गई है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में नवीन दुबे, थाना प्रभारी सरवई उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक बबलू सिंह, प्रधान आरक्षक जुनैद खान, आरक्षक पवन लोधी और हफीज खान सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *