उज्जैन: मकर संक्रांति पर पुलिस ने चाइनीज मांझे पर कड़ी निगरानी, बच्चों को दिलवाई शपथ !

Spread the love

उज्जैन। मकर संक्रांति के मौके पर बुधवार को शहर और आसपास बड़े पैमाने पर पतंगबाजी होगी। इसके मद्देनजर पुलिस ने शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर कड़ा रुख अपनाया है। तोपखाना स्थित दुकानों पर सर्चिंग अभियान चलाया गया और बच्चों को जानलेवा मांझे से दूर रहने के लिए शपथ दिलवाई गई।

दुकानों पर सर्चिंग और मांझे जब्त

महाकाल थाना पुलिस ने तोपखाना क्षेत्र में पतंग की दुकानों पर पहुंचकर चाइनीज मांझों को हाथ से तोड़ा और दुकानदारों को समझाइश दी। पुलिस ने दुकानों और आस-पास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है, ताकि प्रतिबंधित मांझे का उपयोग ना हो।

टीआई गगन बादल ने बताया कि पुलिस लगातार लोगों को चाइनीज मांझे के खतरों के प्रति जागरूक कर रही है और इसे खरीदने या बेचने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही कर रही है। साथ ही, क्षेत्र में लगातार चेकिंग और निगरानी जारी है।

बच्चों को दिलवाई शपथ

पुलिस ने विशेष तौर पर बच्चों को जागरूक किया और उन्हें शपथ दिलवाई कि वे चाइनीज मांझे का उपयोग नहीं करेंगे। इस कदम का उद्देश्य मकर संक्रांति पर संभावित हादसों को रोकना और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

ड्रोन और दूरबीन से निगरानी

शहर में कई स्थानों पर पतंगबाजी अधिक होती है, इसलिए पुलिस ड्रोन और दूरबीन के माध्यम से भी निगरानी रख रही है। इससे किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने में मदद मिलेगी।

पुलिस की यह कार्रवाई पिछले वर्षों में चाइनीज मांझे से हुई गंभीर चोटों और मौतों के मद्देनजर की गई है। अधिकारी लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं और लोगों से सुरक्षित पतंगबाजी करने का आग्रह कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *