ग्वालियर में रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने से बची महिला, आरपीएफ ने समय रहते किया बचाव !

Spread the love

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक महिला और उसके डेढ़ साल के बेटे की जान बड़ी दुर्घटना से बचाई गई। आरपीएफ के कर्मचारियों ने समय रहते हस्तक्षेप कर महिला और बच्चे को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर लाया।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक मोहम्मद अहमद, आरक्षक मनीष शर्मा और महिला आरक्षक सुमन स्टेशन यार्ड में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक महिला अपने छोटे बेटे को लेकर रेलवे ट्रैक पर बैठी रो रही है।

महिला ने आरपीएफ से बातचीत में बताया कि उसका नाम संजू धाकड़ है और उसका पति राहुल धाकड़ है। वह बहोडापुर थाना क्षेत्र के शिव नगर सागर ताल रोड की रहने वाली है। महिला ने बताया कि ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इस अत्याचार से तंग आकर उसने अपने और अपने बच्चे की जान लेने की नीयत से ट्रेन के सामने जाने का निर्णय लिया था।

आरपीएफ स्टाफ ने महिला को तुरंत समझाइश दी और उसे मनोवैज्ञानिक समर्थन प्रदान किया। इसके बाद महिला के परिवार के लोगों को बुलाया गया। महिला के भाई रोहित धाकड़ और पति राहुल को महिला और बच्चे के सुपुर्द किया गया।

आरपीएफ के अधिकारियों ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में स्टाफ की सतर्कता और समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसी परिस्थितियों में तत्काल आरपीएफ या नजदीकी पुलिस को सूचित करें, ताकि किसी की जान खतरे में न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *