छतरपुर। जिले के बागेश्वर धाम में रविवार रात 18 वर्षीय युवती स्वाति शुक्ला के साथ मारपीट की घटना सामने आई। घायल युवती को गंभीर चोटों के कारण छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की रहने वाली है और 9 जनवरी को अपनी मां रीना शुक्ला के साथ दर्शन के लिए धाम आई थी।
घटना का विवरण
स्वाति की मां रीना शुक्ला ने बताया कि वे पिछले दो साल से नियमित रूप से बागेश्वर धाम आती रही हैं। रविवार की रात आरती के दौरान उनकी बेटी मंच के पास बैठी थी और जोर-जोर से चिल्ला रही थी। उसकी सुरक्षा के लिए मां ने उसके हाथ पीछे पकड़ रखे थे। इसी बीच बाजू में बैठे एक युवक ने अचानक स्वाति पर हमला कर दिया। उसने उसे धक्का दिया और लात-घूंसों से पीटा, जिससे स्वाति जमीन पर गिर पड़ी।

सेवादारों ने पकड़ा और पुलिस को सौंपा
धाम के सेवादारों ने हमलावर को पकड़कर बागेश्वर धाम पुलिस चौकी को सौंप दिया। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को सौंपे जाने के बाद भूत-प्रेत का नाटक करना भी शुरू कर दिया।

स्वाति की हालत गंभीर
मारपीट से स्वाति को पसलियों में अंदरूनी चोटें आई हैं और उसके कंधे में भी गंभीर चोट हुई है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि स्वाति की स्थिति स्थिर है, लेकिन चोटें गंभीर हैं, इसलिए उसे निगरानी में रखा गया है।

शिकायत दर्ज
मां रीना शुक्ला ने इस मामले की शिकायत बागेश्वर धाम पुलिस चौकी में दर्ज कराई है। दैनिक भास्कर ने चौकी प्रभारी डीडी शाक्य से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया।