ग्वालियर में दूषित पानी की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जल सुनवाई शुरू !

Spread the love

ग्वालियर। इंदौर में दूषित पानी से हुई गंभीर घटनाओं के बाद सतर्कता बरतते हुए ग्वालियर नगर निगम ने शहर में दूषित जल की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए पहल की है। इसके तहत मंगलवार को नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों पर ‘जल सुनवाई’ का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पानी से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं।

आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण
जल सुनवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त संघप्रिय स्वयं क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 12 पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में पाई गई अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को फटकार लगाई। आयुक्त ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ ही कार्यालय परिसर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

हर मंगलवार होगी जल सुनवाई
नगर निगम ने निर्णय लिया है कि अब हर मंगलवार को शहर के सभी जलप्रदाय संधारण उपखंड कार्यालयों और क्षेत्रीय कार्यालयों पर जल सुनवाई आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य जल सुरक्षा, जल संरक्षण और स्वच्छ जल अभियान के तहत दूषित पेयजल एवं सीवर से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान करना है।

मौके पर ही समाधान का प्रयास
जल सुनवाई में आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए। नगर निगम अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि शिकायतों का निपटारा समयसीमा में हो।

दूषित पानी के कारणों की होगी जांच
निगम द्वारा यह भी समीक्षा की जा रही है कि किन-किन क्षेत्रों में गंदा पानी आ रहा है और क्या वहां स्वच्छ पानी की पाइपलाइनें सीवर लाइनों या नालियों के समीप से गुजर रही हैं। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर दूषित पानी की समस्या के मूल कारणों का पता लगाया जाए और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निगम की अपील
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी दूषित या गंदा पानी आ रहा हो, तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *