बीना | मकर संक्रांति से पूर्व बीना और खुरई में लोहड़ी का पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सिखों और पंजाबी समाज के लोगों ने पवित्र अग्नि जलाकर उसमें तिल-गुड़, रेवड़ी और मूंगफली अर्पित की। इस दौरान अच्छी फसल, घर-परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक रूप से अरदास की गई।
कलगीधर गुरुद्वारा में विशेष आयोजन
बीना के महावीर चौक स्थित कलगीधर गुरुद्वारा में लोहड़ी का विशेष आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवाणी के पाठ और कीर्तन से की गई। इसके बाद ज्ञानी जसवंत सिंह ने अरदास कराई और पवित्र अग्नि प्रज्वलित की गई। उन्होंने बताया कि लोहड़ी पर्व खेती-किसानी और प्रकृति से जुड़ा हुआ है, जो नई फसल के आगमन की खुशी में मनाया जाता है।

शादी और संतान जन्म वाले परिवारों के लिए रही खास
परंपरा के अनुसार जिन परिवारों में हाल ही में शादी हुई है या पुत्र का जन्म हुआ है, उनके लिए लोहड़ी विशेष महत्व रखती है। ऐसे परिवारों की खुशी में महिलाएं पारंपरिक पंजाबी लोकगीत गाती नजर आईं, वहीं ढोल की थाप पर समाज के लोगों ने जमकर भांगड़ा किया। एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दी गईं और मूंगफली-गजक का प्रसाद वितरित किया गया।

समाज के प्रमुख लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर जसविंदर सिंह संधू, गोल्डी अरोड़ा, महेंद्र सिंह अरोड़ा, त्रिलोचन सिंह अरोड़ा, सुरेंद्र सिंह अरोड़ा, परमजीत सिंह छाबड़ा और समरदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजजन अपने परिवारों के साथ मौजूद रहे।
खुरई में भी ढोल-नगाड़ों के साथ मना लोहड़ी का पर्व
खुरई | खुरई के गुरुनानक वार्ड स्थित गुरुद्वारा में मंगलवार को लोहड़ी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिख समाज के साथ-साथ अन्य वर्गों के लोग भी शामिल हुए और भांगड़े की धुन पर जमकर थिरके।

शाम से ही रही रौनक
शाम होते ही गुरुद्वारे परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी। पंजाबी लोकगीतों पर नाच-गाकर लोगों ने खुशियां मनाईं। रात के समय पवित्र अग्नि जलाकर उसमें आहुति दी गई और सुख-समृद्धि की कामना की गई। घर-घर जाकर रेवड़ी, मूंगफली और फुल्ले (पॉपकॉर्न) का प्रसाद बांटा गया।

नवविवाहित और बच्चों के लिए विशेष आयोजन
सिख समाज के अध्यक्ष परविंदर सिंह चावला ने बताया कि लोहड़ी उन परिवारों के लिए खास होती है, जहां हाल ही में विवाह हुआ हो या संतान का जन्म हुआ हो। ऐसे परिवारों के लिए विशेष आयोजन किए गए। गुरुद्वारे में पूजा-अर्चना के बाद लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

इस उल्लासपूर्ण आयोजन में हरविंदर सिंह चावला, अजीत सिंह अजमानी, बॉबी चावला, कुलवंत सिंह, चरणजीत छाबड़ा, सतनाम चावला, हरजीत चावला, अशोक अरोड़ा और राजू हूडा सहित समाज के कई प्रमुख लोग सपरिवार शामिल हुए। देर रात तक चले इस जश्न में भांगड़े की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।