मकरोनिया–लिधौरा के बीच बड़ा रेल हादसा टला, लोको पायलट की सूझबूझ से बची सैकड़ों जानें !

Spread the love

सागर | मंगलवार सुबह मकरोनिया और लिधौरा स्टेशन के बीच एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। दमोह से भोपाल की ओर जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस के सामने तीसरी रेलवे लाइन पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा करीब 8 फीट लंबा लकड़ी का भारी लट्ठा रख दिया गया था। ट्रेन लगभग 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से घने कोहरे के बीच आगे बढ़ रही थी, लेकिन लोको पायलट राजेश पटेल की सतर्कता ने एक संभावित तबाही को टाल दिया।

सुबह 6:35 से 6:40 बजे के बीच की घटना

जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 6:35 से 6:40 बजे के बीच हुई। कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी। इसी दौरान लोको पायलट को ट्रैक पर लोहे के पाइप या पटरी के टुकड़े जैसी कोई वस्तु रखी हुई नजर आई। खतरे को भांपते हुए उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए।

ट्रेन रुकते-रुकते उस लकड़ी के लट्ठे पर चढ़ गई। करीब 5 इंच मोटा लकड़ी का टुकड़ा इंजन के पहिए में फंस गया, जिससे ट्रेन पूरी तरह रुक गई। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो तेज रफ्तार ट्रेन पटरी से उतर (डिरेल) सकती थी, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।

यात्रियों के साथ मिलकर हटाया गया लट्ठा

ट्रेन रुकने के बाद लोको पायलट के साथ कुछ यात्री भी नीचे उतरे। जांच करने पर पता चला कि पटरी पर रखा गया सामान भारी लकड़ी का लट्ठा था। इसके बाद ट्रेन को थोड़ा पीछे किया गया और पहिए में फंसे लकड़ी के टुकड़े को खींचकर बाहर निकाला गया। आवश्यक जांच और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

साजिश या खतरनाक शरारत की आशंका

रेलवे पुलिस इस घटना को बड़ी साजिश या खतरनाक शरारत के रूप में देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि आसपास के किसी गांव के व्यक्ति या बच्चों द्वारा यह लकड़ी पटरी पर रखी गई हो सकती है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे हल्के में नहीं लिया जा रहा।

आरपीएफ ने दर्ज किया मामला

इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल के थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने बताया कि लकड़ी के लट्ठे को जब्त कर लिया गया है और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आसपास के गांवों और लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने लोको पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से सैकड़ों यात्रियों की जान बच सकी। घटना के बाद रेल सुरक्षा को लेकर फिर से सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *