सागर | सागर की मोतीनगर थाना पुलिस ने 25 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ और घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 12 जनवरी की रात हुई इस घटना के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
रास्ते में रोका, बुरी नीयत से छेड़छाड़
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 12 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे वह अपने भाई को लेने मोतीनगर चौराहे गई थी। वहां से लौटते समय घर के पास स्थित खाली मैदान में मोहल्ले का युवक पुष्पेन्द्र पटेल मिला। पुरानी रंजिश के चलते उसने युवती का रास्ता रोका और बुरी नीयत से हाथ पकड़ लिया। युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
घर में घुसकर की मारपीट, जान से मारने की धमकी
कुछ देर बाद पुष्पेन्द्र अपने दो साथियों गोपाल उर्फ गब्बर यादव और राहुल विश्वकर्मा के साथ जबरन युवती के घर में घुस गया। आरोपियों ने युवती का हाथ मरोड़कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से घबराई युवती ने परिजनों को जानकारी दी और बाद में थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

बम्होरी रेंगुवा के निवासी हैं आरोपी
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर मंगलवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान
- पुष्पेन्द्र पिता लाल सिंह पटेल (29)
- गोपाल उर्फ गब्बर पिता दरयाब सिंह यादव (24)
- राहुल पिता चेतराम विश्वकर्मा (30)
के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बम्होरी रेंगुवा के निवासी बताए जा रहे हैं।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोपाल उर्फ गब्बर यादव के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी पुष्पेन्द्र पटेल पर भी एक पूर्व मामला दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।