छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड पर 12 दिसंबर को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवक राज पाठक की इलाज के दौरान मौत हो गई। राज का लंबा इलाज चल रहा था, लेकिन 14 जनवरी की सुबह जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, 12 दिसंबर की रात पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने राज पर हमला किया था। मृतक के पिता महेंद्र पाठक ने बताया कि उनके बेटे के दोस्त सोहन कुशवाहा का पहले कुशवाहा परिवार से विवाद हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया था। आरोपियों का असली निशाना सोहन था, लेकिन वह मौके से भाग गया। इसके बाद आरोपियों ने राज पाठक पर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया।
गंभीर चोटों के बावजूद बच नहीं पाया
हमले में राज के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई थीं। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया। झांसी में सुधार न होने पर उसे भोपाल एम्स भेजा गया। लंबा इलाज चलने के बाद 13 जनवरी की रात उसे छतरपुर लाया गया, लेकिन अगले दिन सुबह उसकी मौत हो गई। फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने पहले ही दर्ज किया था मामला
पुलिस को घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। इसके आधार पर कुल 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इनमें से 6 आरोपियों—मनीष चखना, चंदू, हल्के, भज्जू, पप्पू और रमिया को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि चतुर उर्फ बुद्धू और पुलाव उर्फ चिंकुल अभी फरार हैं।
फरार आरोपियों पर इनाम
पुलिस अधीक्षक ने फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मृतक के परिजनों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।