जबलपुर: बेलबाग में बदमाशों का तांडव, घर पर पथराव और तोड़फोड़, पुलिस को सौंपी गई वीडियो फुटेज !

Spread the love

जबलपुर। शहर के बेलबाग थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए जमकर उत्पात मचाया। सोमवार देर रात करीब 1 बजे पांच से छह बदमाशों ने एक घर पर पथराव, मारपीट और तोड़फोड़ की। पूरी वारदात करीब एक घंटे तक चली, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और घटना के वीडियो पुलिस को सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

घर के बाहर गाली-गलौज, फिर हमला

बेलबाग निवासी रितु जाट ने बताया कि वह अपनी जेठानी और बच्चों के साथ सो रही थीं, तभी बाहर से तेज गाली-गलौज की आवाजें आने लगीं। खिड़की से झांककर देखा तो पड़ोस में रहने वाले हर्षित जाट, दीपांशु जाट और सुधांशु जाट घर के सामने खड़े थे। मना करने पर जैसे ही दरवाजा खोला, आरोपियों ने उन्हें घसीटकर बाहर निकाला और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग जागे और किसी तरह उन्हें बचाकर घर के अंदर किया गया।

हथियारों से लैस बदमाशों ने की तोड़फोड़

पीड़िता के अनुसार बदमाश धारदार हथियार, बेसबॉल बैट और लाठियों से लैस थे। उन्होंने घर के दरवाजे पर डंडों से वार किए और बाहर खड़ी चार से पांच गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने करीब एक घंटे तक तांडव मचाया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह

पीड़ित परिवार का कहना है कि कुछ दिन पहले रितु जाट ने पुलिस से शिकायत की थी कि आरोपी युवक इलाके में शराब पीकर हंगामा करते हैं। इसी शिकायत के बाद से आरोपियों में रंजिश थी, जो इस हिंसक घटना में बदल गई।

पुलिस ने दर्ज की FIR, तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही बेलबाग थाना पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर चार-पांच युवकों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

स्थानीय लोगों में दहशत: घटना के बाद से बेलबाग क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं और पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *