मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर संदीप जी.आर. के सख्त निर्देश पर सागर जिले में चाइनीज मांझे के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान जिला प्रशासन की टीम ने जितेंद्र सिंघाई की दुकान सहित भीतर बाजार एवं अन्य विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर गुलाब काइट्स समेत बड़ी मात्रा में चाइनीज मांझा जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को चाइनीज मांझा बेचने पर कड़ी समझाइश दी गई और स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि इस प्रकार की सामग्री बेचते हुए पाए गए तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा आम जनता से भी अपील की गई कि वे चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और सुरक्षित तरीके से पर्व मनाएं।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने कहा कि चाइनीज मांझा अत्यधिक तेज और धारदार होता है, जो मानव जीवन के साथ-साथ पक्षियों एवं पशुओं के लिए भी बेहद घातक साबित होता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में चाइनीज मांझे से गला कटने जैसी गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। इसी खतरे को देखते हुए प्रशासन ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी स्थिति में चाइनीज मांझे का भंडारण या बिक्री न की जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकानदारों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से इस संबंध में लगातार निगरानी रखी जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने जिलेवासियों से अपील की कि वे मकर संक्रांति का पर्व खुशी और उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। केवल सूती या शासन द्वारा अनुमोदित सुरक्षित मांझे का ही उपयोग करें, ताकि किसी की जान को खतरा न पहुंचे। उन्होंने कहा कि पर्व की खुशियां तभी सार्थक होंगी जब वह सभी के लिए सुरक्षित हों।