मालथौन गौरव दिवस इस वर्ष विशेष रहा, क्योंकि कार्यक्रम के दौरान पूर्व गृहमंत्री व खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने गौधाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा घोषित गौ अभ्यारण्य गौधाम की 150 एकड़ सरकारी भूमि पर बनाया जाएगा, जहाँ हजारों गौवंश सुरक्षित और सुविधापूर्वक रह सकेंगे। साथ ही 5 करोड़ की लागत से गीता भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें बड़े हाल, कमरे और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सभी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
प्राचीन मंदिरों का नवनिर्माण और क्षेत्र का वैभव लौटाने का संकल्प
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि गऊधा धाम सदियों से आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। प्राचीन शिव मंदिर, हनुमान मंदिर और दिव्य कुंड के जीर्णोद्धार के बाद अब इन्हें अपनी प्राचीन शैली में भव्य रूप में पुनः निर्मित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 करोड़ की लागत से कुंड के सौंदर्यीकरण और गहरीकरण के कार्य से इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाएँ और बढ़ी हैं।

मालथौन मेले और गौरव दिवस को अगले साल से तीन दिवसीय आयोजन
उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से गौधाम का मेला और मालथौन गौरव दिवस तीन दिनों तक मनाया जाएगा। मेले में 500 से अधिक दुकानें लगेंगी, जिससे स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को व्यापक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री द्वारा मल्टी पर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात
कार्यक्रम में उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुरई में एक हजार करोड़ के विकासकार्य स्वीकृत किए हैं। मालथौन के लिए मंजूर मल्टी पर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलेगा।

सामाजिक सेवा के नए स्वरूप में हुआ स्वागत
कार्यक्रम के दौरान पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह का स्वागत फूल-मालाओं के बजाय 65 कंबलों, स्टेशनरी और उपयोगी सामग्री से किया गया। उन्होंने बताया कि संकल्प लेने के बाद बीस दिनों में करीब 10 लाख रुपये की उपयोगी सामग्री लोगों ने भेंट की, जिसे स्कूली बच्चों और जरूरतमंदों को वितरित किया गया। हाल ही में चार दिनों में 5000 कंबल खुरई के विभिन्न क्षेत्रों में दिए गए।
मानसी घोष की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मालथौन गौरव दिवस की शोभा बढ़ाई इंडियन आइडल-2025 की विजेता एवं प्लेबैक सिंगर मानसी घोष ने, जिन्होंने अपनी भव्य प्रस्तुतियों से हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “चोरी किया रे”, “ये दिल दीवाना” और “अजीब दास्तां है ये” जैसे लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। युवा नेता अविराज सिंह ने भी गीत “ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे” प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं।

नियुक्ति पत्र वितरण
मंच से तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका—दीक्षा लोधी (मढ़खेड़ा), कीर्ति लोधी (बोबई) और कविता राय—को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए।
मंदिर दर्शन और निरीक्षण
कार्यक्रम से पूर्व भूपेन्द्र सिंह ने प्राचीन शिव मंदिर, हनुमान मंदिर एवं दिव्य कुंड के दर्शन कर मंदिर निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा की।

गणमान्यों की उपस्थिति
कार्यक्रम में एसडीएम मनोज चौरसिया, नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, उपाध्यक्ष मालती अहिरवार, विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, भाजपा मंडल अध्यक्ष, सामाजिक कार्यकर्ता और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। संचालन आकाश जैन ने किया।
मालथौन गौरव दिवस धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उत्साह और विकास के संकल्पों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।