दमोह जिले के बांदकपुर में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 40 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को कैंची से घायल कर लिया। गंभीर हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मड़िया, हिंडोरिया थाना क्षेत्र निवासी राजा राय (पिता धनीराम राय) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि राजा राय रोजाना शराब का सेवन करते थे। उनके भतीजे विक्की राय ने जानकारी दी कि बुधवार दोपहर बांदकपुर स्थित रेस्ट हाउस के पास नशे की हालत में उन्होंने अपने पेट में कैंची घोंप ली। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घायल युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़ा दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रण में की और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया।
हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना आत्मघाती थी या किसी अन्य कारण से घायल हुआ।
स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।