पठापुर रोड हमले में घायल युवक राज पाठक की मौत, पुलिस ने हत्या की धाराएँ जोड़ीं—दो आरोपी अब भी फरार !

Spread the love

छतरपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में 12 दिसंबर को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक राज पाठक (20) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। करीब एक महीने से अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चलने के बाद रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अब हत्या की धाराएँ जोड़ दी हैं और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

मृतक के पिता महेंद्र पाठक के अनुसार, घटना की रात उनका बेटा राज अपने दोस्त सोहन कुशवाहा के साथ था। सोहन का पहले से कुशवाहा परिवार के कुछ युवकों से विवाद चल रहा था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया था। लेकिन 12 दिसंबर की रात वही विवाद फिर सामने आया। आरोपियों का टारगेट सोहन था, लेकिन वह मौके से भाग गया। इसके बाद गुस्साए युवकों ने राज पाठक को पकड़ लिया और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों से बेरहमी से हमला कर दिया।

गंभीर हालत में कई अस्पतालों में चला इलाज

हमले में राज के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने झांसी रेफर कर दिया। झांसी में भी सुधार न होने पर उसे भोपाल एम्स भेजा गया। लंबे इलाज के बाद 13 जनवरी को उसे छतरपुर वापस लाया गया, लेकिन 14 जनवरी की सुबह उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच आगे बढ़ा दी है।

फुटेज के आधार पर 8 आरोपी, 6 गिरफ्तार—2 फरार

घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसके आधार पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इनमें से मनीष चखना, चंदू, हल्के, भज्जू, पप्पू और रमिया को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि चतुर उर्फ बुद्धू और पुलाव उर्फ चिंकुल अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

फरार आरोपियों पर इनाम घोषित

पुलिस अधीक्षक ने दोनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मृतक परिवार का न्याय की मांग

राज की मौत के बाद परिवार में शोक और आक्रोश है। परिजनों ने प्रशासन से सभी आरोपियों को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *