दमोह जिले की हटा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा कुख्यात अवैध शराब तस्कर त्रिलोक सिंह लोधी आखिरकार गिरफ्त में आ गया। वह आबकारी अधिनियम के दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहा था और पुलिस की पकड़ से लगातार बचता आ रहा था। मंगलवार को उसे इटवा हीरालाल से गिरफ्तार किया गया।
खंडहर से मिली थी 28 पेटी अवैध शराब, टूटी खिड़की से भाग निकला था आरोपी
हटा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के अनुसार, 29 जुलाई 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इटवा हीरालाल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के पास एक खंडहर में छापा मारा था। यहां से पुलिस को 28 पेटी अवैध शराब मिली थी, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये थी।
छापेमारी के दौरान आरोपी त्रिलोक सिंह लोधी मौजूद था, लेकिन उसने खंडहर की टूटी खिड़की से छलांग लगाकर भाग निकला। इस मामले में उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया गया था।

30 दिसंबर 2025 को दूसरी बार भी पुलिस को दिया था चकमा
त्रिलोक सिंह लोधी पर दूसरी कार्रवाई 30 दिसंबर 2025 को की गई, जब वह अपने घर के सामने बने ईंट भट्ठे के पास दो साथियों के साथ शराब तस्करी में जुटा हुआ था। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी और उसके साथी ईंटों के पीछे भागकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
भट्ठे से 9 पेटी अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये आंकी गई। इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई दर्ज की गई थी।
दोस्त के साथ मिलकर करता था कारोबार—कबूला जुर्म
काफी समय से दोनों मामलों में फरार चल रहे त्रिलोक सिंह लोधी को आखिरकार मंगलवार को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने दोस्त नंदू सिंह लोधी के साथ मिलकर अवैध शराब की बिक्री करता था। पुलिस अब उसके साथी की तलाश में भी जुट गई है।