रीठौर बायपास पर दर्दनाक हादसा,पत्रकार की पत्नी की गई जान !

Spread the love

खुरई के रीठौर बायपास चौराहे के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 6 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चला रहे पति सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मकर संक्रांति पर रिश्तेदारी से लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीना निवासी नीरज राय, जो पेशे से पत्रकार हैं, अपनी पत्नी छाया राय (36 वर्ष) और बेटे तेजेश्वर (6 वर्ष) के साथ बाइक क्रमांक एमपी 15 जेडबी 1033 से राहतगढ़ के मीरखेड़ी गांव गए थे। मकर संक्रांति के अवसर पर वे अपनी बुआ को लड्डू देने गए थे। बुधवार शाम तीनों बाइक से वापस बीना लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी बाइक रीठौर बायपास चौराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (एमपी 20 एचबी 6991) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

महिला की मौके पर मौत, बच्चा गंभीर

हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि छाया राय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा तेजेश्वर के सिर में गंभीर चोटें आईं। बाइक चला रहे नीरज राय को हल्की चोटें आईं, लेकिन वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को खुरई के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ट्रक क्लीनर चला रहा था, ड्राइवर नशे में सोता मिला

प्रत्यक्षदर्शी पुष्प कुमार गुरु ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि स्थानीय लोगों ने ट्रक को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर बीना रोड पर रोक लिया। जब लोगों ने ट्रक के केबिन में जाकर देखा तो असली ड्राइवर शराब के नशे में सो रहा था, जबकि ट्रक क्लीनर वाहन चला रहा था।

पुलिस ने ट्रक जब्त कर ड्राइवर-क्लीनर को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ड्राइवर व क्लीनर दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शराब पीकर वाहन चलाने व लापरवाही से वाहन संचालन के आरोपों में कार्रवाई की जा रही है।

शव मर्चुरी में, गुरुवार को होगा पोस्टमॉर्टम

मृतका छाया राय के शव को खुरई अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया है। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस घटना से पत्रकार नीरज राय के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *