छतरपुर में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार का औचक निरीक्षण, स्कूल भवन की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी !

Spread the love

छतरपुर

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को छतरपुर जिले के हाई स्कूल चुरवारी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में प्राचार्य सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। केंद्रीय मंत्री ने पिछले वर्ष निर्मित स्कूल भवन का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान भवन की दीवारों, प्लास्टर और फिनिशिंग कार्य में कई खामियां सामने आईं। इस पर केंद्रीय मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और मामले की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

डॉ. वीरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े संस्थानों में घटिया निर्माण न केवल संसाधनों की बर्बादी है, बल्कि छात्रों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है।

सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही जांच रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय मंत्री के औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग और निर्माण एजेंसियों में हड़कंप की स्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *