छतरपुर में युवक को गोली मारने से सनसनी, पीठ में लगी गोली; हालत गंभीर !

Spread the love

छतरपुर जिले के बिजावर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सब्जी लेकर घर लौट रहे एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले बिजावर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

सब्जी लेकर लौटते वक्त हुआ हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामेश्वर अहिरवार उर्फ अखंड (33 वर्ष) बुधवार शाम बिजावर से सब्जी खरीदकर अपने गांव एरोरा लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव के पास नदी क्षेत्र के नजदीक पहुंचे, पीछे से आए दो अज्ञात लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उनकी पीठ में जा लगी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।

राहगीरों ने दी सूचना, परिजन पहुंचे मौके पर

घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायल युवक को तड़पते देखा। उन्होंने तत्काल परिजनों और बिजावर थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामेश्वर को इलाज के लिए बिजावर अस्पताल ले गए।

जिला अस्पताल किया गया रेफर

बिजावर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रामेश्वर की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

पीड़ित का बड़ा आरोप, जांच में जुटी पुलिस

घायल रामेश्वर अहिरवार ने बयान में दो लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाला व्यक्ति उसकी पत्नी का दोस्त है। हालांकि पुलिस अभी इस दावे की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही बिजावर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *