ऐरण महोत्सव के दूसरे दिन हंगामा, जित्तू खरे के कार्यक्रम में बेकाबू हुई भीड़; पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग !

Spread the love

सागर जिले के बीना में आयोजित तीन दिवसीय ऐरण महोत्सव के दूसरे दिन उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसिद्ध लोक गायक जित्तू खरे की प्रस्तुति के दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसक मंच तक पहुंचने की कोशिश करने लगे। हालात बिगड़ते देख कार्यक्रम स्थल पर तैनात पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

मकर संक्रांति पर चल रहा है तीन दिवसीय महोत्सव

मकर संक्रांति के अवसर पर बीना में तीन दिवसीय ऐरण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन देर रात लोक गायक जित्तू खरे अपने लोकप्रिय बुंदेलखंडी गीतों की प्रस्तुति दे रहे थे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग पंडाल में मौजूद थे।

बैरिकेड्स तोड़ मंच की ओर बढ़ी भीड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के बीच कुछ युवक बैरिकेड्स पर चढ़कर मंच के नजदीक पहुंचने का प्रयास करने लगे। देखते ही देखते अन्य लोग भी उनके साथ जुड़ गए। पुलिस द्वारा रोकने पर पहले नोकझोंक हुई, लेकिन जब भीड़ ने कुर्सियां तोड़ते हुए मंच की ओर बढ़ना जारी रखा, तो स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।

हल्का बल प्रयोग कर हालात काबू में

भीड़ के बेकाबू होने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और कुछ युवकों के बीच विवाद भी हुआ। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए कार्यक्रम बाधित हो गया, हालांकि बाद में हालात नियंत्रित कर लिए गए।

लाठीचार्ज से पुलिस का इनकार

आगासौद थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे और कुर्सियां व बैरिकेड्स तोड़ रहे थे। उन्होंने बताया कि कुछ युवक महिलाओं को देखकर हूटिंग भी कर रहे थे, जिस पर उन्हें समझाने का प्रयास किया गया। थाना प्रभारी ने लाठीचार्ज से इनकार करते हुए कहा कि केवल स्थिति नियंत्रित करने के लिए कुछ लोगों पर हल्का बल प्रयोग किया गया था।

प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

घटना के बाद महोत्सव स्थल पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि शेष कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएंगे और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।DEVELOPER MODE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *