सागर, शासकीय संभागीय आईटीआई सागर में प्रोजेक्ट तेजस्विनी के संचालन के तहत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य महिला प्रशिक्षणार्थियों को ऑटोमोबाइल मैकेनिक और डीलरशिप क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देना और उन्हें अपने भविष्य के लिए मार्ग प्रशस्त करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्रीमती भारती उपाध्याय ने प्रशिक्षणार्थियों को ऑटोमोबाइल क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों और स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को बताया कि कैसे वे तकनीकी ज्ञान और प्रशिक्षण के माध्यम से इस क्षेत्र में सफल करियर बना सकती हैं।
संस्था की प्राचार्या सुश्री पूजा तिवारी ने महिला प्रशिक्षणार्थियों को ऑटोमोबाइल क्षेत्र में मौजूद लैंगिक असमानता को तोड़ने और अपने करियर के लिए स्वयं ही मार्ग प्रशस्त करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनकर नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में संस्था की अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सदस्य श्रीमती अल्पना श्रीवास्तव, श्रीमती शारदा सेना, श्रीमति श्रंख्ला श्रीवास्तव, सुश्री हृदया मिश्रा, सुश्री राशी चौबे, सुश्री रुचि जैन और सुश्री पवी सोनी भी उपस्थित रहीं।
कार्यशाला का उद्देश्य न केवल महिलाओं को तकनीकी कौशल से लैस करना था, बल्कि उन्हें सशक्त बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना भी था। प्रशिक्षणार्थियों ने इस अवसर को उत्साहपूर्वक ग्रहण किया और कहा कि यह पहल उनके करियर और भविष्य के लिए मार्गदर्शक साबित होगी।
यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में प्रोजेक्ट तेजस्विनी की महत्वाकांक्षी पहल के तहत आयोजित किया गया, जो महिलाओं को पारंपरिक सीमाओं से ऊपर उठकर अपने भविष्य के लिए नई संभावनाओं की ओर प्रेरित करने का प्रयास है।