जबलपुर जिले की पाटन तहसील अंतर्गत ग्राम साकरा में गुरुवार शाम बिजली बिल वसूली के दौरान विद्युत विभाग की टीम पर हुए हमले का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में किसान सौरभ जैन, बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के साथ मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी में बैठे JE पर किया हमला
वीडियो फुटेज के अनुसार, जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे अपनी गाड़ी में बैठे हुए थे। इसी दौरान किसान सौरभ जैन उनसे बहस करता हुआ नजर आता है और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आता है। वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति सौरभ को पकड़कर रोकने की कोशिश करता है, लेकिन वह खुद को छुड़ाकर मौके से फरार हो जाता है।

ओवरलोड बिल को लेकर हुआ विवाद
घटना के संबंध में किसान सौरभ जैन का कहना है कि उसके मोटर पंप का बिजली लोड बेवजह बढ़ाया गया था। इसी बात को लेकर उसकी जूनियर इंजीनियर से कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। हालांकि बिजली विभाग ने इन आरोपों को निराधार बताया है।
ओवरलोड बिल वसूलने गई थी टीम
विद्युत विभाग के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे अपनी टीम के साथ ओवरलोड बिजली बिल की वसूली के लिए साकरा गांव पहुंचे थे। गांव के मनोज जैन (परिवार के सदस्य) से अधिक बिजली उपयोग को लेकर जुर्माना वसूला जाना था। इसी दौरान आरोपी सौरभ जैन ने गाली-गलौज शुरू कर दी और टीम पर हमला कर दिया।

JE को आई चोट, दी जान से मारने की धमकी
मारपीट के दौरान जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के चेहरे पर चोट आई है। उन्होंने बताया कि साकरा गांव निवासी लालचंद जैन का पहले ही निधन हो चुका है और वर्तमान में उनके बेटे और नाती खेत में सिंचाई के लिए मोटर पंप का उपयोग कर रहे हैं। जांच में सामने आया कि सौरभ जैन अपने खेत में 2 हॉर्स पावर (HP) का पंप चला रहा था, जबकि उसके बिजली कनेक्शन की स्वीकृत क्षमता केवल 1 HP थी।
‘दोबारा आए तो जिंदा नहीं जाओगे’
मनोज दुबे ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान सौरभ जैन और वहां मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें और टीम के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। कहा गया कि यदि दोबारा गांव में बिजली बिल वसूलने आए तो जिंदा वापस नहीं जाने दिया जाएगा।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद जूनियर इंजीनियर ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सौरभ जैन के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल सौरभ जैन और उसके पिता की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में रोष है और उन्होंने मांग की है कि शासकीय कार्य करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।