तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने एक्टिवा सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत !

Spread the love

जबलपुर।
शुक्रवार रात जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रात करीब 10:30 बजे रांझी से गोकलपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी और युवक को रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान रिंकू चौरसिया के रूप में हुई है, जो रांझी गांधी व्यायाम शाला के पास रहते थे। रिंकू रोज़ की तरह काम खत्म कर एक्टिवा से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

हादसे के बाद मचा हड़कंप, चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि युवक संभल भी नहीं पाया और पेट्रोल टैंकर उसे कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रांझी अस्पताल भिजवाया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नाकाबंदी कर पकड़ा गया टैंकर

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आधारताल क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई। कुछ ही देर में पेट्रोल टैंकर को पकड़ लिया गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और टैंकर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

परिजनों में मातम, मोहल्ले में शोक

रिंकू चौरसिया की मौत की खबर मिलते ही परिजन और पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में शोक की लहर है और लोगों ने प्रशासन से दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नगर निगम के काम पर उठे गंभीर सवाल

स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए नगर निगम द्वारा चल रहे पाइपलाइन बिछाने के काम को भी जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यह काम कई महीनों से अधूरा पड़ा है, जिसके कारण सड़क संकरी हो गई है और एक तरफ से ही आवागमन हो रहा है।

इस वजह से आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है और भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि न तो पर्याप्त संकेतक लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और यातायात विभाग से मांग की है कि पाइपलाइन कार्य को जल्द पूरा किया जाए, सड़क पर उचित लाइटिंग, संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *