रायपुर में लापरवाही की भारी कीमत: 5 साल की बच्ची सेप्टिक टैंक में गिरकर हुई मौत !

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें मकान मालिक की गंभीर लापरवाही के कारण 5 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, मकान में सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए करीब एक सप्ताह पहले गड्ढा खुदवाया गया था। सफाई का कार्य पूरा होने के बावजूद गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया, जो मासूम बच्ची के लिए घातक साबित हुआ।

घटना के समय बच्ची घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते खुले पड़े सेप्टिक टैंक के गड्ढे में गिर गई। काफी देर तक बच्ची का कहीं पता नहीं चला, जिससे परिजनों में चिंता की लहर दौड़ गई। खोजबीन के दौरान पता चला कि बच्ची गड्ढे में गिर गई है। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोवा थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए गड्ढा खोला गया था, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी इसे सुरक्षित रूप से ढकने की व्यवस्था नहीं की गई। इसी लापरवाही के कारण मासूम बच्ची दुर्घटनाग्रस्त होकर उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लापरवाही करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है, जबकि बच्ची के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पड़ोसी और स्थानीय लोग भी मकान मालिक की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं।

इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा और जिम्मेदारी की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि घर या निर्माण कार्य के दौरान छोटे बच्चों के लिए सुरक्षा उपाय अनिवार्य होने चाहिए, ताकि इस प्रकार की त्रासदियों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *