इंदौर के भागीरथपुरा मौत मामले को लेकर सागर में कांग्रेस का धरना-उपवास, सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप !

Spread the love

सागर। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई कई मौतों के विरोध में शनिवार को सागर में कांग्रेस पार्टी ने धरना-उपवास कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता गल्ला मंडी स्थित गांधी प्रतिमा के पास एकत्र हुए और शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए।

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भागीरथपुरा की घटना को बेहद गंभीर बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दूषित पानी की आपूर्ति के चलते इंदौर में दो दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग बीमार होकर अस्पतालों में इलाजरत हैं।

कांग्रेस ने जताया आक्रोश
जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से दो दर्जन से अधिक मौतें हो चुकी हैं और बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से बीमार हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है और सरकार इस पूरे मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

महेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सागर में धरना-उपवास कर पीड़ितों के प्रति संवेदना और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
धरना-उपवास कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी, बब्बू यादव सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने गांधी प्रतिमा के समक्ष बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

स्वच्छ पेयजल व्यवस्था की मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कई जगहों पर पेयजल व्यवस्था बदहाल है, लेकिन सरकार इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।

धरना-उपवास के दौरान प्रशासन और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *