पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस लाइन, सागर स्थित पुलिस अस्पताल में दिनांक 17 जनवरी 2026 को एक निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर एवं स्वास्थ्य विभाग सागर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य पुलिस सेवा की व्यस्त, चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण दिनचर्या के बीच पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान कर निवारक उपचार सुनिश्चित करना रहा। शिविर में लगभग 250 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने विभिन्न चिकित्सीय जांच कराईं।
शिविर में हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित अन्य गैर-संक्रामक रोगों के जोखिम कारकों का आकलन किया गया। स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत रक्तचाप, रक्त शर्करा, कोलेस्ट्रॉल, विटामिन D3 जांच, नेत्र परीक्षण एवं मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर का निरीक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप एवं आर.आई. नीतेश वायकर द्वारा किया गया। अधिकारियों ने इस पहल को पुलिस बल के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस आयोजन को सफल बनाने में आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन और तनावपूर्ण ड्यूटी के कारण अक्सर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा पाते, इसी को ध्यान में रखते हुए यह शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया।

शिविर में सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत, डॉ. जी.एस. चौबे, डॉ. राजेंद्र चौदह, डॉ. जितेंद्र सराफ, डॉ. अरुण सराफ, डॉ. अशोक सिंघाई, डॉ. ललिता पाटिल, डॉ. ब्रजेश यादव, डॉ. सुमना खान, डॉ. संदीप गौतम, डॉ. प्रवीण खरे, डॉ. विनयदीप सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं।
पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।