छतरपुर: ससुराल के खेत में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजन हत्या की आशंका जता रहे !

Spread the love

छतरपुर | ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम मलपुरा निवासी रमेश अहिरवार (उम्र 28) का शव शनिवार को उसके ससुराल ग्राम खरका के खेत में पेड़ से लटका पाया गया। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक दिल्ली में मजदूरी करता था और मकर संक्रांति के मौके पर घर आया था।

परिजनों ने बताया कि रमेश 15 जनवरी से लापता था। काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने ओरछा रोड थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार सुबह सूचना मिली कि रमेश का शव ससुराल के खेत में पेड़ से लटका हुआ है।

मृतक के भाई जगन्नाथ अहिरवार ने आरोप लगाया कि रमेश ससुराल गया था, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ। उनका कहना है कि विवाद के दौरान रमेश के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत संदिग्ध हालात में हुई।

परिजनों का दावा है कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में रमेश ने आत्महत्या की बात लिखी है और विकास और रज्जू नाम के दो लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इसके अलावा मृतक के साडू अमरचंद पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

सूचना मिलने पर ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि शव खेत में पेड़ से लटका मिला और सुसाइड नोट, परिजनों के आरोप और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *