इटली ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं। क्वालिफायर स्टेज में टीम की कप्तानी करने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी जो बर्न्स को टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी जॉन-जॉन (जेजे) स्मट्स को शामिल किया गया है।
टीम की कमान अब राइट हैंड बल्लेबाज वेन मेडसन के हाथों में होगी। मेडसन ने पहले 4 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और बांग्लादेश प्रीमियर लीग में भी हिस्सा ले चुके हैं। यह इटली की टीम का पहला मौका है जब वह किसी ICC टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।

इटली ने क्वालिफायर स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड के बाद दूसरे नंबर पर रहते हुए वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था। अब बोर्ड ने टीम का नेतृत्व बदलते हुए मेडसन को कप्तान बनाया और जो बर्न्स को स्क्वॉड से हटा दिया।
टीम में दो भाईयों की जोड़ी को भी जगह दी गई है। हैरी और बेंजामिन मनेंटी के साथ एंथनी और जस्टिन मोस्का की जोड़ी भी टीम का हिस्सा हैं।

टीम का कोचिंग स्टाफ हेड कोच जोन डेविसन और असिस्टेंट कोच के रूप में आयरलैंड के पूर्व कप्तान केविन ओ’ब्रायन से सुसज्जित है।
वर्ल्ड कप ग्रुप-सी में इटली को बांग्लादेश, इंग्लैंड, नेपाल और वेस्टइंडीज के साथ रखा गया है। इटली का पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ 9 फरवरी को कोलकाता में होगा, इसके बाद 12 फरवरी को नेपाल, 16 फरवरी को इंग्लैंड और 19 फरवरी को वेस्टइंडीज से भिड़ेगी।

टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक चलेगा। टूर्नामेंट में 20 टीमें 5-5 टीमों के 4 ग्रुप में खेलेंगी। ग्रुप स्टेज के बाद हर ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर-8 में प्रवेश करेंगी। सुपर-8 में भी 8 टीमें 2-2 ग्रुप में खेलेंगी और प्रत्येक ग्रुप की टॉप 2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

इटली का 15 सदस्यीय स्क्वॉड:
वेन मेडसन (कप्तान), जैन अली, मार्कस कैंपोपियानो (विकेटकीपर), अली हसन, क्रिशन कलुगामेज, हैरी मनेंटी, जियान पिएरो मीड, एंथनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, बेंजामिन मनेंटी, जसप्रीत सिंह, जेजे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्राका
इटली की टीम नए नेतृत्व और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ टी-20 वर्ल्ड कप में अपने पहले ICC टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार है।