मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपाल भार्गव के निवास पर किया वैदिका फाउंडेशन कक्ष का लोकार्पण !

Spread the love

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को सागर जिले के स्वामी दयानंद नगर स्थित पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव के निवास पर पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भार्गव परिवार द्वारा बाल हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के उपचार सहयोग के लिए गठित वैदिका फाउंडेशन के विशेष कक्ष का विधिवत लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वैदिका फाउंडेशन के माध्यम से संचालित किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव वर्षों से सेवा के संकल्प के साथ निरंतर जनकल्याणकारी कार्यों में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना एक पावन कार्य है और यह सेवा मॉडल समाज के लिए अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से गंभीर बीमारियों से ग्रसित अनेक रोगी उपचार के लिए राजधानी भोपाल आते हैं। ऐसे में श्री भार्गव द्वारा रोगियों और उनके परिजनों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए 70 बेड की समुचित व्यवस्था विकसित की गई है, जो अत्यंत सराहनीय पहल है। यहां रोगियों के साथ आने वाले परिजनों के लिए भोजन और आवास की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल उपचार के लिए आए कुछ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना और उनके उपचार एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सेवा कार्यों से जुड़े सभी सहयोगियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की मानवीय पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती हैं।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव के निवास परिसर में विकसित सुसज्जित बाल भवन का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने रहवास कक्ष, रसोई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी देखा और इन सुविधाओं की गुणवत्ता एवं सुव्यवस्थित संचालन की सराहना की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जनसेवा की ऐसी पहल समाज में विश्वास और संवेदनशीलता को मजबूत करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैदिका फाउंडेशन के माध्यम से भविष्य में और अधिक जरूरतमंद बच्चों एवं नागरिकों को लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सेवा करना उनका निरंतर प्रयास रहा है और आगे भी यह कार्य इसी समर्पण भाव से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *