सागर: मोतीनगर थाना पुलिस ने लूट मामले के फरार आरोपी को किया गिरफ्तार, दो आरोपी अब भी फरार !

Spread the love

सागर की मोतीनगर थाना पुलिस ने लूट के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

दुकान पर चाकू दिखाकर की थी लूट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 दिसंबर को फरियादिया वैष्णवी पति नीलेश साहू (22 वर्ष), निवासी विवेकानंद वार्ड ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे अपने पति नीलेश साहू के साथ मीरा अस्पताल के पास स्थित एक ऑनलाइन दुकान का संचालन करती हैं।

फरियाद के अनुसार 5 दिसंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे वैष्णवी दुकान के अंदर बैठी थीं, जबकि उनके पति दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान चार युवक—यश सोनी, निशांत यादव, अजय पटेल और प्रशांत पटेल—दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने नीलेश साहू को चाकू दिखाकर धमकाया, जिससे वे डरकर दुकान के अंदर आ गए। इसी बीच आरोपी यश सोनी ने काउंटर में रखे 10 हजार रुपए उठाकर भागने की कोशिश की।

पकड़ने पर दिया धक्का, आरोपी फरार

फरियादिया और उसके पति ने आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान वैष्णवी ने आरोपी यश सोनी को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी ने उसे धक्का दिया और फरार हो गया। इसके बाद सभी आरोपी बाइक और पैदल रास्तों से मौके से भाग निकले। काफी तलाश के बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में लूट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी निशांत यादव को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि यश सोनी, अजय पटेल और प्रशांत पटेल फरार हो गए थे।

लोकेशन के आधार पर आरोपी गिरफ्तार

मोतीनगर थाना पुलिस फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी अजय पटेल की लोकेशन मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर आरोपी अजय पिता राजू पटेल (21 वर्ष), निवासी राजीवनगर वार्ड को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई।

आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का

मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी अजय पटेल आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं।

फिलहाल इस लूटकांड में शामिल दो आरोपी यश सोनी और प्रशांत पटेल अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *