नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आज भाजपा मुख्यालय में नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया पार्टी मुख्यालय में शुरू हो चुकी है, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। सभी वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव अधिकारी को नितिन नबीन के समर्थन में प्रस्ताव पत्र जमा कर दिए हैं।
नामांकन प्रक्रिया के अनुसार शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि शाम 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। यदि नितिन नबीन के अलावा कोई अन्य उम्मीदवार नामांकन दाखिल नहीं करता है, तो उन्हें निर्विरोध भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि, यदि कोई अन्य दावेदार सामने आता है तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा।

नितिन नबीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने इस मौके पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उनकी कार्यक्षमता और मेहनत को पहचाना है। उन्होंने कहा, “हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने सही व्यक्ति को चुना है। नितिन ने पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत की है और आज उन्हें उसी मेहनत का फल मिल रहा है।”
भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 16 जनवरी को अधिसूचना जारी की थी। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। यदि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं, तो भाजपा के इतिहास में वे सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्षों में शामिल होंगे।
अब तक भाजपा में 11 नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। इनमें लालकृष्ण आडवाणी तीन बार और राजनाथ सिंह दो बार इस पद पर रह चुके हैं। पार्टी में हाल के महीनों में संगठनात्मक चुनावों के तहत कई पदों पर निर्विरोध चयन देखने को मिला है। पिछले छह महीनों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद द्वारा किया जाता है, जिसमें लगभग 5,708 सदस्य होते हैं। इसमें राष्ट्रीय परिषद और देशभर के 30 से अधिक राज्यों की राज्य परिषदों के सदस्य शामिल रहते हैं। हालांकि, यदि एक ही नामांकन होता है, तो मतदान की आवश्यकता नहीं होती।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की पूरी संभावना है, जिससे भाजपा को एक युवा और ऊर्जावान नेतृत्व मिलने जा रहा है।