जम्मू-कश्मीर | किश्तवाड़ में तीसरे दिन भी जारी तलाशी अभियान, आतंकियों का ठिकाना बरामद !

Spread the love

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों का आतंकवाद विरोधी अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी है। इस बीच जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों के एक ठिकाने (हाइड आउट) का पता लगाया गया है, जहां से भारी मात्रा में राशन और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया है। बरामद सामग्री से साफ संकेत मिलते हैं कि आतंकी यहां लंबे समय तक ठहरने की तैयारी में थे।

सुरक्षा बलों के अनुसार यह ठिकाना पत्थरों से तैयार किया गया था और ऊपर से तिरपाल डालकर छिपाया गया था, जिससे यह दूर से दिखाई न दे। ठिकाने के अंदर गैस सिलेंडर, चूल्हा, चावल, गेहूं का आटा, मसाले, इंस्टेंट नूडल्स, अधपके अंडे और ताजी सब्जियां मौजूद थीं। फर्श पर बिछे कंबल यह दर्शाते हैं कि इस ठिकाने का इस्तेमाल काफी समय से किया जा रहा था।

अधिकारियों का कहना है कि जिस मात्रा में राशन और सामान बरामद हुआ है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आतंकी यहां लंबे समय तक रुकने वाले थे। सुरक्षा एजेंसियों ने यह भी दावा किया है कि इतनी बड़ी मात्रा में राशन और जरूरी सामग्री बिना स्थानीय मदद के आतंकियों तक पहुंचना संभव नहीं है। केवल सीमा पार से इतनी आपूर्ति होना मुश्किल है, जिससे लोकल सपोर्ट की आशंका और मजबूत होती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह ठिकाना घने जंगल के बीच ढलान पर बनाया गया था, जो दूर से बिल्कुल नजर नहीं आता। यह आतंकियों की सुनियोजित और टैक्टिकल प्लानिंग को दर्शाता है। इससे पहले कठुआ जिले के बिलावर क्षेत्र में आतंकियों के छोटे-बड़े तीन ठिकानों को सुरक्षा बलों ने नष्ट किया था।

गोलीबारी में घायल जवान शहीद, आज अंतिम संस्कार

इसी अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में घायल हुए हवलदार गजेंद्र सिंह शहीद हो गए। सेना के अधिकारियों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। बागेश्वर निवासी हवलदार गजेंद्र सिंह गढ़िया का आज 20 जनवरी को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर हेलिकॉप्टर से बागेश्वर लाया जाएगा, जहां से उन्हें उनके पैतृक गांव ग्राम पंचायत बिथ्थी (पाण्याती) ले जाया जाएगा।

जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान अचानक हुए ग्रेनेड हमले में हवलदार गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। छर्रे लगने से उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और 18-19 जनवरी की रात राज्य के एक सैन्य अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की आशंका

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक इलाके में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 2 से 3 आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है। इन्हीं की तलाश में ‘ऑपरेशन त्राशी-I’ के तहत सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार यह इस वर्ष जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच तीसरी मुठभेड़ है। इससे पहले 7 से 13 जनवरी के बीच कठुआ जिले के बिलावर क्षेत्र के कहोग और नजोते जंगलों में भी मुठभेड़ हुई थी, हालांकि उस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी। फिलहाल पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *