मजाक बना हादसे की वजह, नौगांव रोड पर युवक डीजल से झुलसा, जिला अस्पताल में भर्ती !

Spread the love

छतरपुर।
छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगांव रोड पर सोमवार को दोस्तों के बीच चल रहा मजाक एक बड़े हादसे में बदल गया। मजाक के दौरान एक युवक पर डीजल गिर गया और आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक को परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका बर्न वार्ड में इलाज जारी है।

चाय की दुकान चलाता है घायल युवक

घटना में झुलसे युवक की पहचान अमित वासुदेव के रूप में हुई है, जो नौगांव रोड पर चाय की दुकान चलाता है। बताया गया है कि अमित की दुकान के पास ही नफीस और तौफीक नामक दो युवक मैकेनिक का काम करते हैं। तीनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और आपसी मित्रता के चलते अक्सर हंसी-मजाक किया करते थे।

मजाक के दौरान गिरा डीजल, फिर लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार को भी तीनों के बीच मजाक चल रहा था। इसी दौरान किसी तरह अमित के ऊपर डीजल गिर गया। उसी समय आग जलाने पर डीजल ने तुरंत आग पकड़ ली और अमित लपटों की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह बुरी तरह झुलस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पिता ने खुद चलाया ऑटो, इमरजेंसी तक पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही अमित के माता-पिता मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसे अमित को ऑटो में बैठाकर जिला अस्पताल लाया गया। बताया गया कि अमित के पिता ने खुद ऑटो चलाया और अस्पताल के रैम्प से सीधे इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया। डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया और बाद में उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर लिया।

घायल ने बताया हादसा, जानबूझकर नहीं थी घटना

अस्पताल में भर्ती अमित वासुदेव ने बताया कि यह घटना जानबूझकर नहीं हुई, बल्कि मजाक के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था। वहीं पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए नफीस और तौफीक ने भी पुलिस को बताया कि यह पूरी घटना मजाक के दौरान हुई और किसी की भी ऐसी मंशा नहीं थी।

पुलिस कर रही है जांच

मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीएसपी अरुण सोनी ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। पूछताछ के लिए संबंधित युवकों को थाने बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घायल युवक का जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *