छतरपुर शहर में बुधवार देर रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कांग्रेस कार्यालय के पास सड़क पर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक खुलेआम एक-दूसरे पर लात-घूंसे और हेलमेट से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक दो बाइकों पर सवार होकर कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचे थे। किसी बात को लेकर पहले उनके बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने बीच सड़क पर ही एक-दूसरे को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान राहगीरों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मारपीट के दौरान युवक एक-दूसरे को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारते रहे और हेलमेट को हथियार की तरह इस्तेमाल किया गया। घटना स्थल पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है और सभी की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद की आशंका जताई जा रही है। शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह की सरेराह मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।