द्वारकापुरी में नगर निगम और बिजली कर्मियों से मारपीट, एफआईआर दर्ज !

Spread the love

द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सरकारी सेवाओं में लगे कर्मचारियों के साथ मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक ओर नगर निगम के कचरा वाहन कर्मचारियों के साथ विवाद के बाद मारपीट की गई, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी के साथ भी अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कचरा वाहन कर्मचारियों से विवाद के बाद मारपीट
नगर निगम कर्मचारी विक्की छपरी ने द्वारकापुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह वार्ड क्रमांक-15 में कचरा गाड़ी चलाता है। शुक्रवार को वह अपने हेल्पर आयुष के साथ गुमाश्ता नगर स्थित झूलेलाल मंदिर वाली गली में कचरा संग्रहण के लिए पहुंचा था। इस दौरान एक परिवार मिक्स कचरा लेकर आया, जिस पर हेल्पर ने सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देने का अनुरोध किया।

इस बात पर मयंक और उसके चाचा नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। विक्की जब उन्हें समझाने वाहन से उतरा तो दोनों ने धमकाते हुए विक्की और हेल्पर आयुष के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने गली से तुरंत चले जाने की धमकी भी दी। घटना की सूचना नगर निगम अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी से भी मारपीट
इसी थाना क्षेत्र में हवा बंगला पावर हाउस से जुड़े एमपीईबी के आउटसोर्स कर्मचारी नयन यादव के साथ भी मारपीट की गई। नयन यादव ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात वह अपने साथियों के साथ अहीरखेड़ी क्षेत्र में बिजली सप्लाई चालू करने पहुंचे थे। इस दौरान संजय चौबे ने वाहन अंदर लाने को लेकर आपत्ति जताई और गाली-गलौज करने लगा।

कुछ ही देर में उसका बेटा गोलू चौबे भी मौके पर पहुंच गया और नयन यादव के साथ मारपीट कर दी। जब अन्य कर्मचारी बीच-बचाव करने आए तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और वाहन पर पथराव करने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर द्वारकापुरी पुलिस ने संबंधित धाराओं में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना पुलिस का कहना है कि मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट और कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *