टी-20 वर्ल्ड कप से पहले तिलक वर्मा की वापसी टली, श्रेयस अय्यर को मिली आगे भी टीम में जगह !

Spread the love

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। टॉप ऑर्डर बल्लेबाज़ तिलक वर्मा की टीम इंडिया में वापसी फिलहाल टल गई है। वे अब भारत के वॉर्म-अप मुकाबलों से ही मैदान पर लौटते नजर आ सकते हैं। इस बीच उनकी जगह टीम में शामिल किए गए श्रेयस अय्यर शुरुआती तीन मैचों के बाद भी न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो मुकाबलों में भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा बने रहेंगे।

BCCI ने दी तिलक वर्मा की फिटनेस अपडेट

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को तिलक वर्मा की फिटनेस को लेकर स्थिति स्पष्ट की। बोर्ड के अनुसार तिलक ने दोबारा फिजिकल ट्रेनिंग शुरू कर दी है और वे बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन के दौरान लगातार रिकवरी कर रहे हैं। हालांकि, अभी उन्हें पूरी मैच फिटनेस हासिल करने में और समय लगेगा, जिसके चलते उनकी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी टाल दी गई है।

वर्ल्ड कप टीम में बने रहेंगे तिलक

गौरतलब है कि तिलक वर्मा ICC मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम का हिस्सा हैं। यानी फिटनेस हासिल करने के बाद वे सीधे वर्ल्ड कप से पहले होने वाले वॉर्म-अप मैचों में टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे।

3 फरवरी को टीम से जुड़ेंगे तिलक

BCCI के मुताबिक, तिलक वर्मा 3 फरवरी को पूरी तरह फिट होने के बाद मुंबई में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। इसके बाद वे टी-20 वर्ल्ड कप से पहले भारत के वॉर्म-अप मुकाबलों के लिए चयन के विकल्प के रूप में उपलब्ध रहेंगे।

श्रेयस अय्यर को मिला आगे भी मौका

इस बीच पुरुष चयन समिति की सिफारिश पर BCCI ने यह भी साफ किया है कि तिलक वर्मा की जगह टीम में शामिल किए गए श्रेयस अय्यर अब बचे हुए मुकाबलों में भी भारतीय टीम का हिस्सा बने रहेंगे। हालांकि दिलचस्प बात यह है कि श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ एक भी टी-20 मैच नहीं खेल पाए हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा बनाए रखा है।

तिलक की सर्जरी बनी वापसी में बाधा

करीब 10 दिन पहले श्रेयस अय्यर को तिलक वर्मा की जगह टी-20 टीम में शामिल किया गया था। तिलक को टेस्टिकुलर टॉर्शन की समस्या के चलते सर्जरी करानी पड़ी थी। 7 जनवरी को राजकोट में नाश्ता करने के बाद उन्हें शरीर के निचले हिस्से में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें तुरंत गोकुल अस्पताल ले जाया गया। सफल सर्जरी के बाद वे रिकवरी के दौर से गुजर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *