नई दिल्ली/27 जनवरी 2026: वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस बार टीम में क्वेंटिन सैम्प्सन और तेज गेंदबाज शमार जोसेफ को पहली बार ICC टूर्नामेंट की टीम में शामिल किया गया है। टीम की कप्तानी विकेटकीपर-बैटर शाई होप करेंगे।
नए चेहरों को मिली जगह
25 वर्षीय बैटर क्वेंटिन सैम्प्सन ने पिछली सीरीज में अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 डेब्यू किया था। हालांकि उन्होंने तीन मैचों में केवल 35 रन ही बनाए, लेकिन कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में शानदार प्रदर्शन करने के आधार पर उन्हें वर्ल्ड कप स्क्वॉड में जगह मिली। CPL में सैम्प्सन ने 151.57 की स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए थे।

26 वर्षीय तेज गेंदबाज शमार जोसेफ को भी ICC टूर्नामेंट के लिए चुना गया। 2025 में चोट के कारण वे स्क्वॉड में अंदर-बाहर होते रहे और बांग्लादेश व भारत के खिलाफ सीरीज भी नहीं खेल सके। CPL में उन्होंने गयाना की ओर से 5 मैच खेले थे।
पेस और स्पिन विभाग मजबूत
वेस्टइंडीज ने शमार जोसेफ के साथ पेस अटैक को मजबूत करने के लिए जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड और जैडन सील्स को भी शामिल किया है। स्पिन डिपार्टमेंट में अकील हुसैन, रोस्टन चेज और गुडाकेश मोटी को रखा गया है।
चोट और बाहर हुए खिलाड़ी
टीम में 2024 होम वर्ल्ड कप के 11 खिलाड़ियों को फिर से जगह मिली, लेकिन लेफ्ट हैंड ओपनर एविन लुईस और तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ इंजरी के कारण इस बार स्क्वॉड में नहीं हैं।

वेस्टइंडीज का ग्रुप और पहला मैच
वेस्टइंडीज को ग्रुप-सी में इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, नेपाल और इटली के साथ रखा गया है। टीम 7 फरवरी को कोलकाता में स्कॉटलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। उल्लेखनीय है कि वेस्टइंडीज ने इसी मैदान पर 2016 में इंग्लैंड को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।

वेस्टइंडीज का स्क्वॉड
शाई होप (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, जॉनसन चार्ल्स, ब्रैंडन किंग, रोस्टन चेज, जेसन होल्डर, रोवमन पावेल, शेरफन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, क्वेंटिन सैम्प्सन, अकील हुसैन, गुडाकेश मोटी, शमार जोसेफ, जैडन सील्स और मैथ्यू फोर्ड।
यह टीम अपने पेस अटैक और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ टी-20 वर्ल्ड कप में मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी में है।