क्रिकेट महाकुंभ से निखर रही ग्रामीण प्रतिभा !

Spread the love

सागर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें पहचान दिलाने के उद्देश्य से युवा शक्ति संगठन के नेतृत्व में आयोजित क्रिकेट महाकुंभ लगातार लोकप्रियता हासिल कर रहा है। यह आयोजन न सिर्फ खेल भावना को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।

बुधवार को युवा शक्ति संगठन के जिला अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने सुरखी क्षेत्र के चक्र मैदान एवं बिलहरा मैदान पहुंचकर चल रहे क्रिकेट मुकाबलों का अवलोकन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। संगठन का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना है।

बिलहरा मंडल में रोमांचक मुकाबले

बिलहरा मंडल में खेले गए मुकाबलों में याराना इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर इलेवन को 39 रन से पराजित किया। वहीं धुरंधर क्रिकेट क्लब ने खजुरिया क्रिकेट क्लब पर 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।
इसके अलावा शिव शक्ति क्रिकेट क्लब ने श्री रामा खुरई को शिकस्त दी, जबकि राजघाट इलेवन ने सियावर इलेवन को 5 विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

सुरखी मंडल में कांटे के मुकाबले

सुरखी मंडल में भी दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। सुपर किंग क्रिकेट क्लब ने एनके क्रिकेट क्लब को 13 रन से हराया। वहीं संस्कार क्रिकेट क्लब और बालाजी क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें संस्कार क्रिकेट क्लब ने मात्र 1 रन से जीत हासिल की।
मां हरसिद्धि क्रिकेट क्लब ने चतुर्भटा क्रिकेट क्लब को 3 रन से पराजित किया, जबकि बंसिया ब्लास्ट ने रॉयल सुरखी को 4 रन से मात दी।

जैसीनगर मंडल की टीमों ने बनाई बढ़त

जैसीनगर मंडल में खेले गए मुकाबलों में महुआखेड़ा क्रिकेट क्लब, आमोदा क्रिकेट क्लब, यंग स्टार क्रिकेट क्लब एवं बांसा क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर प्रतियोगिता में मजबूत बढ़त बना ली।

बड़ी संख्या में ग्रामीणजन रहे मौजूद

इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि मूरत सिंह राजपूत सहित युवा शक्ति संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल का भरपूर आनंद लिया।

आयोजकों ने बताया कि क्रिकेट महाकुंभ के माध्यम से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे जिला और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *