तेज रफ्तार बाइक–स्कूटी की भिड़ंत में दो की मौत, एक गंभीर घायल !

Spread the love

सागर। रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत कड़ता–खैराना रोड पर बुधवार शाम तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की आमने–सामने भिड़ंत हो गई। भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रहली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा बनाकर घायल को अस्पताल भिजवाया। गुरुवार को रहली अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक सेन (51) पिता जीवनलाल सेन, निवासी पुरव्याऊ टोरी, अपने भतीजे राज सेन के साथ स्कूटी से रिश्तेदारों में शादी के कार्ड बांटने के लिए खैराना गए थे। कार्ड वितरण के बाद दोनों स्कूटी से सागर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कड़ता के पास सामने से तेज गति में आ रही बाइक ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण कि उछलकर सड़क पर गिरे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और स्कूटी सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में अशोक सेन के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार जितेंद्र रैकवार (39) पिता जगमोहन रैकवार, निवासी ग्राम तिली, ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। स्कूटी सवार राज सेन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

राहगीरों ने पहुंचाई मदद

हादसा होते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर रहली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों का पंचनामा बनाया और क्षतिग्रस्त बाइक व स्कूटी को सड़क से हटवाया।

नगर निगम में चौकीदार था मृतक

हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन रहली अस्पताल पहुंच गए। गुरुवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए। परिचितों ने बताया कि मृतक जितेंद्र रैकवार सागर नगर निगम में चौकीदार के पद पर पदस्थ था। वह किसी निजी कार्य से सागर से रहली की ओर जा रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस कर रही जांच

रहली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार सामने आया है। दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *