छतरपुर/बागेश्वर धाम। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 15 फरवरी को भव्य ‘सप्तम कन्या विवाह महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बागेश्वर पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सान्निध्य में 300 निर्धन, अनाथ एवं दिव्यांग बेटियों का पाणिग्रहण संस्कार विधिवत संपन्न कराया जाएगा। धाम प्रबंधन द्वारा चयनित बेटियों की सूची भी सार्वजनिक कर दी गई है।
नेपाल से पश्चिम बंगाल तक की बेटियां होंगी शामिल
यह कन्या विवाह महोत्सव केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी गूंज देश-विदेश तक पहुंच चुकी है। इस आयोजन में नेपाल सहित भारत के 10 राज्यों की बेटियां विवाह सूत्र में बंधेंगी। जारी सूची के अनुसार, मध्य प्रदेश से 229 और उत्तर प्रदेश से 56 बेटियों का चयन किया गया है।
इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार और पश्चिम बंगाल की बेटियां भी इस सामूहिक विवाह का हिस्सा बनेंगी। खास बात यह है कि नेपाल की एक बेटी का विवाह भी बागेश्वर धाम द्वारा कराया जा रहा है।
अनाथ और दिव्यांग बेटियों को दी गई प्राथमिकता
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मुंबई के भिवंडी स्थित सनातन मठ से बेटियों के नामों की घोषणा करते हुए बताया कि यह आयोजन सेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व का जीवंत उदाहरण है।
चयनित सूची में शामिल बेटियों में—
- 60 बेटियां पूर्ण रूप से अनाथ हैं
- 138 बेटियों के पिता का निधन हो चुका है
- 28 बेटियों की माता का देहांत हो चुका है
- 8 बेटियां दिव्यांग हैं
- 23 बेटियों के माता-पिता दिव्यांग हैं
महाराज ने बताया कि बागेश्वर धाम की दान पेटी में आने वाली राशि का उपयोग इन जरूरतमंद बेटियों के विवाह और उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए किया जा रहा है।
दिसंबर में हुई थी चयन प्रक्रिया

इस महोत्सव के लिए वर और कन्या पक्ष द्वारा 1 से 15 दिसंबर के बीच बागेश्वर धाम में आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए थे। इसके बाद गहन जांच-पड़ताल कर सबसे अधिक जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखकर की गई।
समाज को दिया संदेश
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने देशभर के मठों, मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं से अपील की कि वे भी अपनी सामर्थ्य अनुसार ऐसे आयोजन करें, ताकि समाज में किसी भी बेटी को बोझ न समझा जाए और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके।
चयनित बेटियों में ये प्रमुख नाम
विवाह के लिए चयनित बेटियों में छतरपुर की शिवानी, सपना और ज्योति, झांसी की नीलू और पूनम, गुना की रंजीता, दिल्ली की राधिका, इंदौर की शिवानी और नेपाल की अस्मिता सुनार सहित कुल 300 बेटियां शामिल हैं।
फिलहाल बागेश्वर धाम में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।