दतिया। दतिया में मौसम लगातार नए रंग दिखा रहा है और गुरुवार को ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई और पारा करीब 10.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। इसके साथ ही दिन का अधिकतम तापमान भी 19.7 डिग्री सेल्सियस ही रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन में भी ठंड का असर बना रहा।
कोहरा और नमी ने बढ़ाई ठिठुरन
सुबह के समय कोहरा और नमी के कारण दृश्यता केवल 200 से 500 मीटर के बीच रही। इसका असर यातायात पर भी पड़ा और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और आगामी दिनों में सक्रिय होने वाले स्ट्रांग सिस्टम के कारण हो रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
दिन में हल्की धूप भी नहीं दे सकी राहत
दिन में कुछ समय के लिए हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण लोगों को खास राहत नहीं मिली। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई, और लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।
मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी दिखा
लगातार बदलते मौसम का असर सीधे लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग इस मौसम से अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
डॉक्टर की चेतावनी: इम्यूनिटी कमजोर होती है

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक और सह प्राध्यापक डॉ. हेमंत जैन ने बताया कि अचानक तापमान गिरने और नमी बढ़ने से शरीर की इम्यूनिटी कमजोर पड़ती है। ऐसे मौसम में वायरल संक्रमण तेजी से फैलते हैं।
डॉ. जैन ने लोगों को सलाह दी कि ठंड के समय सुबह-शाम बिना जरूरत बाहर न निकलें, गर्म कपड़े पहनें और शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। ठंडा पानी पीने से बचें और गुनगुना पानी का उपयोग करें।
बुजुर्ग और बच्चों को विशेष सावधानी की जरूरत
डॉ. जैन ने कहा कि अस्थमा और सांस रोगियों को अपनी दवाएं नियमित लेनी चाहिए और डॉक्टर की सलाह के बिना दवा बंद न करें। उन्होंने हल्का, पौष्टिक और गर्म भोजन, पर्याप्त नींद और हाथों की स्वच्छता बनाए रखने की भी सलाह दी।
यदि किसी को बुखार, सांस लेने में तकलीफ या लगातार खांसी की शिकायत हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
दतिया में मौसम में जारी ठंड और नमी का असर आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।