शाहगढ़ में कलेक्टर ने ‘संकल्प से समाधान अभियान’ के तहत हितग्राही आवेदन का मौके पर ही किया त्वरित निराकरण !

Spread the love

शाहगढ़, प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार विभिन्न जन योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित ‘संकल्प से समाधान अभियान’ के तहत आज शाहगढ़ में विकासखण्ड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने आमजन से 106 प्रकार की हितग्राहीमूलक शासकीय योजनाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए और मौके पर ही उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसी दृष्टिकोण से संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सुशासन एवं स्वराज को सुदृढ़ बनाना और ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, तहसील और जिला स्तर पर लाभार्थियों को सेवाएँ समय पर उपलब्ध कराना है।

अभियान के तहत वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विवाह सहायता योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, चालू खसरा-खतौनी और नक्शा प्रतिलिपि प्रदाय, नक्शा शुद्धिकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना, मछुआ क्रेडिट कार्ड योजना समेत कुल 106 हितग्राहीमूलक योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदन समयबद्ध तरीके से निपटाए जाएं और किसी भी हितग्राही को होने वाला लाभ विलंबित न हो। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल आवेदन लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्रभावित हितग्राहियों को वास्तविक लाभ उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागों को विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सही समय पर पहुँच सके।

संकल्प से समाधान अभियान के तहत यह प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रहेगी और नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराने में यह एक प्रभावी पहल साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *