उज्जैन। मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26 के अंतर्गत उज्जैन में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में शहर में चार खेलों की राज्य स्तरीय स्पर्धाएं आयोजित हो रही हैं, जिनकी शुरुआत कुश्ती प्रतियोगिता से की गई है।
राजमाता सिंधिया खेलो स्टेडियम परिसर में कुश्ती प्रतियोगिता के मुकाबले खेले जा रहे हैं, जबकि लोटी मैदान में मलखंब प्रतियोगिता चल रही है। आगामी दिनों में योगासन और रस्साकशी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेशभर से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
भोपाल से हुआ था राज्य स्तरीय शुभारंभ
खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26 का राज्य स्तरीय शुभारंभ मंगलवार को भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में हुआ था। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का उद्घाटन कर खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई थी। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
यह आयोजन ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर से चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
1300 से अधिक खिलाड़ी ले रहे भाग
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 1300 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शासन द्वारा खिलाड़ियों के आवास, भोजन और परिवहन की संपूर्ण व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे पूरे मनोयोग से खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

कुश्ती प्रतियोगिता के प्रारंभिक परिणाम घोषित
उज्जैन में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के प्रारंभिक परिणाम भी सामने आ चुके हैं।
स्वर्ण पदक
- अनुष्का बौरासी
- गौरव यादव (जबलपुर)
रजत पदक
- कात्यायनी देवी (रीवा)
- गौतम पटौना (उज्जैन)
कांस्य पदक
- भूमिका (उज्जैन)
- फरहान खान (छिंदवाड़ा)
- पृथ्वी जोशी (इंदौर)
ग्रामीण और आदिवासी प्रतिभाओं को मंच देना लक्ष्य
जिला खेल अधिकारी ओपी हरोड़ ने बताया कि खेलो एमपी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण, शहरी और आदिवासी अंचलों से उभरती खेल प्रतिभाओं को जोड़ना है। इस संस्करण में एक लाख से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। चयनित खिलाड़ी प्रदेशभर में आयोजित 28 खेलों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
पारंपरिक और आधुनिक खेलों को बढ़ावा
उज्जैन नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई खेलो इंडिया पहल से प्रेरणा लेकर प्रदेश में खेलो एमपी की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य कुश्ती, मलखंब जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ आधुनिक खेलों को भी बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में उज्जैन में आयोजित खेलो इंडिया प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों के खिलाड़ी शामिल हुए थे। उसी तर्ज पर खेलो एमपी को भी मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ा और स्थायी मंच बनाया जा रहा है।