बीना।
बीना कृषि उपज मंडी में व्यापारियों द्वारा की जा रही चार दिवसीय अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। हड़ताल समाप्त होने के बाद अब मंडी में सोमवार से पुनः नियमित रूप से कारोबार शुरू होगा। इस हड़ताल के चलते किसानों को जहां अपनी उपज बेचने में कठिनाई हो रही थी, वहीं हम्मालों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो गया था।
गल्ला व्यापारी की आईडी बना विवाद का केंद्र
पूरा मामला गल्ला व्यापारी संदीप जैन की फर्म की आईडी से जुड़ा हुआ है। भावांतर योजना के दौरान उन पर नियमों के विपरीत खरीदी करने के आरोप लगे थे। जिला उड़नदस्ते द्वारा की गई जांच में गड़बड़ी पाए जाने के बाद मंडी उप संचालक के आदेश पर पहले उनकी आईडी बहाल कर दी गई थी।
हालांकि, इस बहाली को लेकर स्थानीय किसानों ने आपत्ति दर्ज कराई। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विजय डेहरिया ने मामले की पुनः जांच के आदेश दिए और व्यापारी की आईडी को दोबारा बंद कर दिया।

आईडी बंद होने के विरोध में व्यापारी हुए लामबंद
व्यापारी संदीप जैन की आईडी बंद होने के बाद व्यापारी संघ उनके समर्थन में आ गया। व्यापारी संघ ने इसे अन्याय बताते हुए आईडी बहाल करने की मांग की और 27 जनवरी से सभी व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
हड़ताल के चलते मंडी में अनाज की आवक पूरी तरह ठप हो गई। किसान अपनी उपज लेकर मंडी नहीं आ सके, वहीं काम बंद होने से हम्मालों की आय पर भी सीधा असर पड़ा।
बैठकें हुईं, लेकिन नहीं निकला हल

बुधवार को मंडी सचिव कमलेश सोनकर ने व्यापारियों की बैठक बुलाई थी, लेकिन व्यापारी अपनी मांग पर अड़े रहे। किसी भी प्रकार का समाधान न निकल पाने पर मंडी सचिव ने सख्त कदम उठाते हुए सभी व्यापारियों की आईडी रद्द कर दी थी, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई थी।
शुक्रवार को बनी सहमति, मंडी खोलने का फैसला
शुक्रवार को मंडी अधिकारियों और व्यापारियों के बीच पुनः बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से हड़ताल समाप्त करने और मंडी को पुनः खोलने का निर्णय लिया गया।
पूर्व मंडी अध्यक्ष अमर प्रताप सिंह ने बताया कि व्यापारियों की हड़ताल से किसानों और हम्मालों को काफी परेशानी हो रही थी। इसे ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी व्यापारियों की आईडी दोबारा शुरू कर दी गई है।
आईडी विवाद पर जांच जारी रहेगी

अमर प्रताप सिंह ने बताया कि व्यापारी संघ अध्यक्ष संदीप जैन की आईडी के संबंध में यह तय हुआ है कि पूरे मामले की जांच कर प्रतिवेदन मंडी उप संचालक को भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
सोमवार से खुलेगी मंडी
शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण मंडी में अब सोमवार से नियमित व्यापार शुरू होगा। मंडी खुलने के फैसले से किसानों और हम्मालों ने राहत की सांस ली है।