सागर | रहली
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
रिपोर्टर – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237
सागर जिले की रहली थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में मक्का के डंठलों के बीच छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ में सामने आए अन्य नामों की तलाश की जा रही है। मामले में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, रहली थाना क्षेत्र के ग्राम बगरोन में अवैध शराब भंडारण की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। मुखबिर ने बताया था कि गांव के लखन कर्मी के खेत में बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रहली पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की और मौके के लिए रवाना हुई।

पुलिस टीम ने ग्राम बगरोन पहुंचकर लखन कर्मी के खेत में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान खेत में रखे मक्का के डंठलों के ढेर के बीच छिपाकर रखी गई अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से चार प्लास्टिक की बोरियों में भरी कुल 370 पाव देशी शराब जब्त की। शराब मिलने के बाद खेत पर मौजूद लखन पिता बलराम कुर्मी, निवासी ग्राम बगरोन को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी लखन कुर्मी ने पुलिस को बताया कि उसके खेत की रखवाली का काम मिल्लू चढ़ार करता है। साथ ही उसने बताया कि वह अपने गांव के अंकित और मोहित घोषी को पहले से जानता है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि इन तीनों लोगों ने मिलकर खेत में अवैध शराब छिपाकर रखी थी।
आरोपी लखन ने पुलिस को बताया कि अंकित और मोहित घोषी ने उसे शराब बेचने से होने वाले मुनाफे में से कुछ हिस्सा देने का लालच दिया था। इसी लालच में आकर उसने अपने खेत में मक्का के डंठलों के बीच शराब छिपाने की अनुमति दी थी। शराब रखने के बाद तीनों आरोपी वहां से चले गए थे और बाद में उसे बेचने की योजना थी।
फिलहाल रहली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में जिन तीन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे अवैध शराब नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के गैरकानूनी धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।