ऑटो में छूटा आर्मी हवलदार का बैग, पुलिस ने लौटाया !

Spread the love

सागर। शहर में तैनात पुलिस की तत्परता और तकनीकी सतर्कता के चलते एक आर्मी हवलदार का ऑटो में छूटा कीमती बैग कुछ ही घंटों में सुरक्षित वापस मिल गया। बैग में न सिर्फ जरूरी दस्तावेज और अन्य कीमती सामान था, बल्कि आर्मी फंक्शन के लिए आवश्यक दो ब्लेजर भी रखे हुए थे, जिनका तत्काल बनवाया जाना संभव नहीं था।

जानकारी के अनुसार, आर्मी हवलदार हरिसिंह शनिवार दोपहर करीब 3 बजे तीन बत्ती कटरा से मकरोनिया जाने के लिए ऑटो में सवार हुए थे। मकरोनिया पहुंचकर उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। घर पहुंचने पर जब बैग नहीं मिला तो उन्होंने आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

इसके बाद रविवार को हवलदार हरिसिंह पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैग की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ उप निरीक्षक आरकेएस चौहान के निर्देशन में महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक को शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों में पीड़ित हवलदार को सरस्वती स्पोर्ट्स के पास ऑटो में बैठते हुए चिन्हित किया गया।

इसके बाद ऑटो के मार्ग में लगे अन्य कैमरों के फुटेज देखे गए, जिससे ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट रूप से प्राप्त हो गया। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ऑटो मालिक का पता लगाया गया।

पुलिस ने मोतीनगर थाना के आरक्षक पवन को ऑटो मालिक के निवास पर भेजा। ऑटो को सामान सहित पुलिस कंट्रोल रूम बुलवाया गया। जब ऑटो की जांच की गई तो उसमें आर्मी हवलदार हरिसिंह का बैग पूरे सामान के साथ सुरक्षित रखा मिला।

बैग में रखे सभी सामान सही सलामत पाए गए, जिसके बाद बैग को हवलदार हरिसिंह को सौंप दिया गया। अपना कीमती सामान वापस पाकर हवलदार ने पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना की और आभार व्यक्त किया।

यह मामला न सिर्फ पुलिस की मुस्तैदी का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सीसीटीवी कैमरे और त्वरित कार्रवाई से आम नागरिकों को कैसे राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *