खेत में छिपी अवैध शराब बरामद !

Spread the love

सागर जिले की रहली थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बगरोन में खेत के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 370 पाव देशी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रहली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बगरोन में लखन कर्मी के खेत में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई और तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर खेत की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान खेत में रखे मक्का के डंठलों के ढेर के बीच से चार प्लास्टिक की बोरियों में भरी 370 पाव अवैध शराब बरामद की गई। शराब मिलने पर खेत पर मौजूद लखन पिता बलराम कुर्मी, निवासी ग्राम बगरोन को मौके से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

आरोपी लखन को थाने लाकर जब पूछताछ की गई, तो उसने अवैध शराब के नेटवर्क को लेकर अहम जानकारी दी। लखन ने बताया कि उसके खेत की रखवाली का काम मिल्लू चढ़ार करता है। इसके अलावा वह अपने गांव के अंकित और मोहित घोषी को भी जानता है।

आरोपी ने बताया कि इन तीनों लोगों ने उसके खेत में अवैध शराब छिपाकर रखी थी। उन्होंने शराब बेचने पर होने वाले मुनाफे में से कुछ रकम देने का लालच दिया था, जिसके चलते उसने शराब खेत में रखने की अनुमति दी। शराब छिपाने के बाद तीनों आरोपी मौके से चले गए थे।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पूछताछ में जिन तीन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की सप्लाई कहां से लाई गई थी और किन क्षेत्रों में इसकी बिक्री की जानी थी।

फिलहाल रहली पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *